Gujarat. गुजरात। गुजरात के साबरकांठा जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। हिम्मतनगर के पास चार लेन वाले राजमार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के समूह को टक्कर मार दी। हादसे में एक तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना डोलगढ़-पटिया राजमार्ग चौराहे के पास हुई। बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं का एक समूह अंबाजी मंदिर की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि कई श्रद्धालु सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, घायलों में से एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। साबरकांठा के पुलिस अधीक्षक डॉ. पार्थराजसिंह गोहिल ने बताया कि हादसे में करीब 12 लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि वाहन चालक की पहचान भरत पटेल के रूप में हुई है। घटना के समय वह अपने गांव की ओर जा रहा था।
पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वाहन तेज गति से चल रहा था। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने स्कॉर्पियो को घेर लिया और वाहन में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने वाहन को आग के हवाले कर दिया। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें लोग वाहन को घेरते और आग लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वाहन में आग लगने के बाद हाईवे पर धुआं फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आसपास के जिलों से भी अधिकारियों और जवानों को बुलाया गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वाहन चालक शराब के नशे में था। कुछ वीडियो में वाहन के अंदर शराब की खाली बोतल दिखाई देने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चालक की मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
Tags: