4 जून को एक नहीं बल्कि दो सरकारें बनेंगी- पूर्व सीएम जयराम ठाकुर

पढ़े पूरी खबर

Update: 2024-03-29 15:08 GMT
शिमला: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की जनता आने वाले 4 जून को एक नहीं, दो सरकारें चुनने जा रही है। यह मात्र लोकसभा का चुनाव नहीं है। यहां हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है कि जनता 14 महीनों की सरकार को चलता कर नई सरकार चुनेगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू अपनी सरकार बचाने के लिए जितना मर्जी जोर लगा लें, लेकिन ये झूठी सरकार टिकने वाली नहीं है। जयराम ठाकुर अपने गृह क्षेत्र सिराज के थुनाग में भाजपा त्रिदेव सम्मेलन में बोल रहे थे। राज्यसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू के कारण ही ये परिस्थितियां बनी हैं, क्योंकि उनके कामकाज के तौर तरीकों से न उनके अपने विधायक खुश हैं और न कांग्रेस संगठन।
कहा कि आज मुख्यमंत्री के कारण कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ही चुनाव लड़ने से दूर भाग रही हैं। जयराम ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव के बाद विधानसभा अध्यक्ष को इस पूरे मामले में तटस्थ रहना चाहिए था और ऐसी हम उम्मीद करते थे। मगर अब तो हद हो गई है कि तीन निर्दलीय विधायकों ने भी इस सरकार से तंग आकर एक सप्ताह पहले अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, लेकिन विस अध्यक्ष ने उसे स्वीकार नहीं किया है। अब पता चला है कि सरकार बचाने के लिए वह भी विदेश भाग गए हैं। उन्होंने कहा कि हम न्यायालय में इस मामले को ले जा रहे हैं। लोकतंत्र में ऐसा करना सही नहीं है। विधायक अपनी इच्छा से सदस्यता छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ है।
Tags:    

Similar News

-->