कार खरीदने के लिए पैसे नहीं दिए तो बेटे ने ग्राइंडर से काटा पिता का गला
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां कार खरीदने और कर्ज चुकाने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने कथित तौर पर अपने पिता की इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान मोहनलाल परमार और आरोपी बेटे की पहचान मुकेश परमार के रूप में हुई है। घटना पालघर पूर्व के रामनगर इलाके की है।
कार खरीदने और कर्ज चुकाने के लिए मांग रहा था पैसे
पालघर के पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता-पुत्र के बीच मुंबई में एक संपत्ति की बिक्री से मिली रकम को लेकर अक्सर विवाद होता था। आरोपी अपने पिता से कार खरीदने और कर्ज चुकाने के लिए पैसे मांग रहा था। पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर विवाद के बाद मुकेश घर से बाहर निकला और हार्डवेयर की दुकान से इलेक्ट्रिक स्टोन-कटर ग्राइंडर खरीदकर लाया। आरोप है कि उसने घर लौटकर अपने पिता पर हमला किया और उनकी हत्या कर दी।
फोन नहीं उठाने पर हुआ हत्या का खुलासा
घटना का पता तब चला, जब मोहनलाल के छोटे बेटे ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने एक परिचित को घर भेजा। वहां मोहनलाल का शव खून से लथपथ मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।