चम्पा पार्क में लगी हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी

Update: 2025-10-15 12:26 GMT
Bilaspur. बिलासपुर। दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत नगर परिषद बिलासपुर के स्वयं सहायता समूहों द्वारा दीवाली के उपलक्ष्य में हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री का आयोजन चम्पा पार्क, बिलासपुर में किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 20 अक्तूबर तक शहरी विकास विभाग के सौजन्य से आयोजित की जा रही है। नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी वर्षा चौधरी ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी स्वयं सहायता समूहों को इस प्रदर्शनी में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। प्रदर्शनी में कुल 12 स्वयं सहायता समूह अपने हाथों से तैयार किए गए उत्पादों के साथ भाग ले रहे हैं। दिवाली पर यह आयोजन बिलासपुर के स्थानीय उत्पादों और हस्तकला को प्रोत्साहित करने का एक सशक्त माध्यम
बन रहा है।


इस प्रदर्शनी का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में कार्यरत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके हस्तनिर्मित उत्पादों को बाजार से जोडऩे का अवसर प्रदान करना है। नगर परिषद बिलासपुर के इस प्रयास से स्थानीय महिला उद्यमियों को अपनी कला, कौशल और उत्पादों को आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का एक सशक्त मंच प्राप्त हुआ है। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार की खाद्य सामग्री जैसे अचार, चटनी, मुरब्बा, जैम, शिरा, पापड़, मक्की व चावल का आटा, पॉपकॉर्न, कैंडी, नमक, अनारदाना और स्थानीय मसाले प्रदर्शित किए जा रहे हैं। वहीं हस्तनिर्मित वस्त्र वर्ग में स्वेटर, कुशन, टेबल मेट, दीवान सेट, भगवान के वस्त्र, वेस्ट मटेरियल से बने उत्पाद, ऊनी वस्त्र तथा हाथ से बने सजावटी फूल और घरेलू सजावट के अन्य सामान आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से सायं सात बजे तक खुली रहेगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन टीम प्रबंधक वंदना लखनपाल, मुनीष ठाकुर व सीओ सुनीला कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे।
Tags:    

Similar News