Bhaged. भगेड़। सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हवान में 14.90 लाख रुपये की लागत से नए स्कूल भवन व आधुनिक हॉल का निर्माण जल्द शुरू होगा। यह बात हिमुडा निदेशक मंडल सदस्य जितेंद्र चंदेल ने जीएसएसएस हवान में क्षेत्र दौरे के दौरान कही। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन समिति की मांग पर उन्होंने इस मुद्दे को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी के समक्ष उठाया, जिस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए 14.90 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई। चंदेल ने एसएमसी के साथ बैठक कर समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्कूल की पढ़ाई, अनुशासन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र का उत्कृष्ट विद्यालय बताया। चंदेल ने आश्वासन दिया कि स्कूल में स्टाफ की कमी जल्द दूर की जाएगी। कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है।
स्कूल प्रबंधन समिति सहित ग्रामीणों ने स्कूल भवन को मिली 14.90 लाख रुपए की राशि मिलने को लेकर मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी सहित जितेंद्र चंदेल का भी का आभार प्रकट किया है। इस अवसर पर एसएमसी प्रधान अनिल कुमार कश्यप, पंचायत प्रधान परमजीत, राकेश कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हवाण में नवनिर्वाचित पंचायत द्वारा क्षेत्र दौरे पर पहुंचे हिमुडा निदेशक मंडल सदस्य जितेंद्र चंदेल का शॉल व टोपी पहनाकर सम्मान किया गया। इस दौरान पंचायत प्रधान परमजीत, एसएमसी प्रधान अनिल कुमार कश्यप तथा अन्य वार्ड सदस्यों ने उनका स्वागत किया। चंदेल ने पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों के साथ बैठक के दौरान सभी से एकजुट होकर गांव के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी पंचायत प्रतिनिधि एक मंच पर इक_े होकर योजनाबद्ध तरीके से काम करें, ताकि हवाण गांव विकास की दृष्टि से एक मिसाल बन सके और अन्य पंचायतों के लिए प्रेरणा बने।