घर-कार में आगजनी का मास्टरमाइंड निकला पड़ोसी, यमुनानगर के शूटर्स को दिए थे 5000
Paonta Sahib. पांवटा साहिब। पांवटा साहिब शहर के वार्ड नंबर-8 में एसडीएम कार्यालय के पास हुए सनसनीखेज आगजनी मामले में पांवटा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मामले का मुख्य साजिशकर्ता पीड़ित का ही पड़ोसी निकला है। पुलिस ने साजिश रचने वाले अक्षत गर्ग पुत्र भूपेंद्र गर्ग, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर-8 मेन बाजार पांवटा साहिब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अक्षत और पीड़ित परिवार के बीच कई दिनों से रंजिश चल रही थी।
यह रंजिश घर के बाहर कार खड़ी करने को लेकर हुई मामूली बहस से शुरू हुई थी। रंजिश का बदला लेने के लिए अक्षत ने यमुनानगर के बदमाशों को हायर किया। आरोप है कि उसने वारदात से पहले शूटरों को 5000 एडवांस दिए थे ताकि वे पीड़ित के घर और आंगन में खड़ी पजेरो कार में आग लगा सकें। 4 मई की रात करीब डेढ़ बजे दो बाइकों पर सवार होकर 5 नकाबपोश बदमाश एसडीएम ऑफिस के समीप पीड़ित रणजीत सिंह पुत्र मनमोहन सिंह के घर पहुंचे। बदमाशों ने मोटरसाइकिल का नंबर हटाया, मुंह पर नकाब लगाया और गेट के अंदर खड़ी पजेरो स्पोर्ट्स कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।