रायपुर में नशे के खिलाफ ANTF की बड़ी कार्रवाई, 3 सप्लायर समेत कई आरोपी गिरफ्तार

छग

Update: 2026-07-27 14:55 GMT
Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई की है। ANTF ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए गांजा और नशीली दवाओं की तस्करी से जुड़े मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के कब्जे से 2 किलो 660 ग्राम गांजा बरामद किया गया, वहीं नशीली टैबलेट के सप्लायरों को भी गिरफ्तार कर पुलिस ने नशे के नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया है। पुलिस के अनुसार, ANTF की सूचना पर थाना गोलबाजार पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने 26 जुलाई 2026 को गोलबाजार क्षेत्र के लोहार गली स्थित शिव मंदिर के पास कार्रवाई की। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 किलो 660 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 33 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद इसराइल पिता मोहम्मद सदरे आलम उम्र 22 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 12, बाथ असली, थाना नानपुर, जिला सीतामढ़ी (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना गोलबाजार में अपराध क्रमांक 114/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा ANTF ने खम्हारडीह थाना क्षेत्र में दर्ज नशीली दवाओं के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना खम्हारडीह के अपराध क्रमांक 247/26, धारा 21(बी), 22 नारकोटिक एक्ट के तहत पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 459 नग नाईट्रोसन-10 टैबलेट और बिक्री की नगदी रकम 200 रुपये सहित कुल 1 लाख 83 हजार 800 रुपये का सामान जब्त किया गया था।


मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और अन्य तकनीकी माध्यमों से नशीली टैबलेट के सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश की। जांच में सप्लायर की पहचान संजय नाग पिता गंगाधर नाग उम्र 46 वर्ष निवासी खेतराजपुर, टालभट्टापारा, वचन किराना दुकान के पास, थाना खेतराजपुर टाउन, जिला संबलपुर (ओडिशा) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने ओडिशा पहुंचकर आरोपी संजय नाग को गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ कार्रवाई की। इसी तरह थाना न्यू राजेंद्र नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 207/26, धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट के मामले में भी ANTF ने सप्लाई चेन तक पहुंचकर कार्रवाई की। इस प्रकरण में पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से 198 नग नाईट्रोसन-10 टैबलेट, एक मोबाइल फोन और बिक्री की रकम 1200 रुपये सहित करीब 90 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया गया था।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने नशीली टैबलेट के सप्लायर की पहचान कुलदीप सिंह पिता कुलवंत सिंह उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम लोहराचट्टी, थाना सोहेला, जिला बरगढ़ (ओडिशा) के रूप में की। पुलिस टीम ने ओडिशा से आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की है। ANTF अधिकारियों के अनुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम लगातार सप्लाई नेटवर्क को तोड़ने का प्रयास कर रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल छोटे विक्रेताओं तक सीमित कार्रवाई करना नहीं बल्कि नशे की सामग्री उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायरों तक पहुंचना है, ताकि पूरे नेटवर्क को खत्म किया जा सके।
क्राइम DCP स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में ANTF प्रभारी सुनील दास की अब तक की कार्रवाई के आंकड़ों के अनुसार कुल 27 प्रकरणों में 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा 18 आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। इस तरह कुल 58 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नशीली सामग्री जब्त की है। इसमें कुल 153 किलोग्राम गांजा, 2,230 नग नशीली टैबलेट, 30 नग नशीले सिरप, 285 नग नशीले इंजेक्शन, 20.79 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 5 ग्राम एमडी शामिल हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 86 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। ANTF का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Tags:    

Similar News