गर्भवती महिला की हत्या से मचा हड़कंप, गैर बिरादरी में शादी से नाराज देवर ने की वारदात
पुलिस ने आरोपी को काबू में लिया, जांच जारी
Saharanpur सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नानौता कस्बे में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी गर्भवती भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को करीब दो घंटे तक कमरे में बंद रखा और इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला चाहंमजिली निवासी सलमान ने कुछ महीने पहले सना नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था, जो गैर बिरादरी से थी। इसी कारण परिवार में पहले से विवाद चल रहा था। रविवार शाम यह विवाद और बढ़ गया, जब छोटे भाई आमिर राव ने गुस्से में आकर अपनी भाभी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में सना की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी कमरे में शव के साथ बंद हो गया और हाथ में फावड़ा लेकर बाहर आने से इनकार करता रहा। उसकी आवाजें और हरकतें सुनकर मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों में कैद हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। काफी मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।