ऑटो में बैठकर सोने की चेन चुराती थीं सास, बहू और ननद, पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस ने सवारी ऑटो और भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं के सोने के जेवर चोरी करने वाले एक पारिवारिक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह में शामिल सास, बहू और ननद को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी महिलाएं बिजनौर जिले की रहने वाली हैं। इनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की शाम मझोला क्षेत्र निवासी एक शिक्षिका ऑटो से घर लौट रही थीं। इसी दौरान पुराने रोडवेज बस अड्डे के पास तीन महिलाएं उसी ऑटो में सवार हो गईं। कुछ दूरी तय करने के बाद तीनों महज 20 रुपये किराया देकर उतर गईं। इस दौरान उन्होंने शिक्षिका के गले से सोने की चेन चोरी कर ली।
पीड़िता की शिकायत पर गलशहीद थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद सीओ कटघर और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और यक्ष ऐप की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने बिजनौर निवासी मनीषा, राधा और कविता को गिरफ्तार किया। एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि तीनों आपस में सास, बहू और ननद हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिलाएं ऑटो में यात्रियों को बातचीत में उलझाकर या धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर सोने की चेन, मंगलसूत्र और अन्य कीमती सामान चोरी करती थीं। जांच में सामने आया कि तीनों के खिलाफ मुरादाबाद, संभल, बिजनौर और सहारनपुर में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरोह में परिवार के अन्य सदस्यों की संभावित भूमिका की भी जांच की जा रही है।