यूपी की वोटर लिस्ट में 1 लाख डुप्लीकेट नाम! सपा का दावा
मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, सपा ने उठाए सवाल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की मतदाता सूची में करीब एक लाख डुप्लीकेट मतदाता दर्ज होने का दावा किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूची की जांच और सुधार की मांग की है।
समाजवादी पार्टी की ओर से 23 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पार्टी ने प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों के 1 लाख 73 हजार 730 पोलिंग बूथों पर दर्ज 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नामों की जांच करने का दावा किया है।
पार्टी का आरोप है कि 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में बड़ी संख्या में ऐसी प्रविष्टियां मिली हैं, जिनमें मतदाता का नाम, रिश्तेदार का नाम, पता, आयु और अन्य विवरण समान हैं, लेकिन मतदाता पहचान पत्र यानी EPIC नंबर अलग-अलग दर्ज हैं।
सपा ने दावा किया कि करीब एक लाख संदिग्ध डुप्लीकेट मतदाताओं का विवरण विधानसभा और जिलेवार चुनाव आयोग को ईमेल के माध्यम से भेजा गया है। पार्टी ने गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 427 का उदाहरण देते हुए दावा किया कि एक महिला मतदाता का नाम छह बार अलग-अलग EPIC नंबरों के साथ दर्ज है।
समाजवादी पार्टी ने 11 नवंबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की ओर से कथित तौर पर घोषित नकद पुरस्कार का हवाला देते हुए डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करने के लिए पुरस्कार देने की भी मांग की है। पार्टी ने चुनाव आयोग से विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची की व्यापक जांच कर उसे त्रुटिरहित बनाने की अपील की है।