Amazon-BigBasket के स्टोर में फफूंद लगी मिठाइयां और एक्सपायरी सामान, FDA ने सस्पेंड किए लाइसेंस
FDA ने निलंबित किए फूड लाइसेंस
पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी करने वाली कंपनियों Amazon और BigBasket के दो डार्क स्टोर में खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन का मामला सामने आया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की जांच में एक्सपायरी मिठाइयां, केक, ब्रेड और अन्य खाद्य सामग्री मिली। अमेजन के स्टोर में कुछ मिठाइयों पर फफूंद भी पाई गई। जांच में सामने आई अनियमितताओं के बाद FDA ने दोनों स्टोर के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
यह कार्रवाई पुणे के सिंहगढ़ रोड इलाके में स्थित दोनों कंपनियों के डार्क स्टोर में की गई। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान खाद्य सामग्री के भंडारण, साफ-सफाई और रखरखाव में कई कमियां सामने आईं। दोनों स्टोर में खाने-पीने की वस्तुओं के साथ गैर-खाद्य सामान भी रखा गया था। अमेजन का डार्क स्टोर गजानन इन्वेंटरीज नामक कंपनी संचालित करती है। FDA की टीम ने यहां निरीक्षण किया तो एक्सपायरी लड्डू, पेड़े और अन्य खाद्य सामग्री मिली। कुछ मिठाइयों पर फफूंद लगी हुई थी। इसके अलावा खाद्य सामग्री के डिब्बों पर धूल जमा थी।
जांच अधिकारियों को घी के एक कंटेनर का ढक्कन टूटा हुआ मिला, जबकि तेल के कार्टन से रिसाव हो रहा था। स्टोर में कीड़े-मकोड़ों से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं पाए गए। कर्मचारियों की स्वच्छता और स्टोर के रखरखाव से संबंधित आवश्यक रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे। इसके अलावा खाद्य सामग्री के साथ साबुन जैसी गैर-खाद्य वस्तुएं रखी मिलीं। अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के रूप में दर्ज किया। दूसरी ओर, बिगबास्केट का डार्क स्टोर इनोवेटिव रिटेल कॉन्सेप्ट नामक कंपनी संचालित करती है। यहां निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी केक, ब्रेड, मिल्क रस्क और चटनी बरामद हुई।
जांच में पाया गया कि कुछ खाद्य सामग्री सीधे फर्श पर रखी गई थी। स्टोर का फर्श भी टूटा हुआ मिला। कोल्ड रूम में साफ-सफाई की कमी थी और तेल के पैकेट से रिसाव हो रहा था। अधिकारियों के अनुसार, बिगबास्केट के स्टोर में भी कीट नियंत्रण के इंतजाम संतोषजनक नहीं थे। यहां खाद्य और गैर-खाद्य वस्तुओं को एक साथ रखने की अनियमितता सामने आई। इन सभी खामियों को देखते हुए FDA ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत दोनों स्टोर के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए। इस कार्रवाई ने ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी के लिए इस्तेमाल होने वाले डार्क स्टोर में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण और साफ-सफाई के महत्व को सामने रखा है।