चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, रांची एयरपोर्ट से 14 उड़ानें रद्द
यात्रियों की बढ़ी परेशानी
रांची। चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के कारण झारखंड में हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं। लगातार बारिश, घने कोहरे और खराब मौसम के चलते शनिवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 14 उड़ानें रद्द कर दी गईं। अचानक उड़ानें रद्द होने से एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिल्ली, हैदराबाद, पटना, मुंबई, कोलकाता और अन्य प्रमुख शहरों के लिए हवाई सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण विमान संचालन में दिक्कतें आईं। रद्द उड़ानों में दिल्ली के लिए चार और कोलकाता के लिए दो उड़ानें शामिल बताई गई हैं। इसके अलावा हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे और बेंगलुरु की उड़ानों पर भी असर पड़ा है।
तूफान के प्रभाव से राजधानी रांची सहित झारखंड के करीब एक दर्जन जिलों में बारिश हो रही है। तेज हवाओं और लगातार बारिश के कारण हवाई यातायात के साथ सड़क परिवहन तथा सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। दूसरी ओर, चक्रवाती तूफान को लेकर ओडिशा सरकार ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जल संसाधन विभाग को नदियों और जलाशयों की चौबीसों घंटे निगरानी करने के लिए कहा गया है। जल संसाधन विभाग की सचिव शुभा शर्मा ने समीक्षा बैठक के बाद बताया कि सभी क्षेत्रीय इकाइयों और अधिकारियों को एहतियाती उपाय जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार बारिश के कारण राज्य की अधिकांश नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।
भुवनेश्वर मौसम केंद्र के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ दक्षिणी तटीय ओडिशा के ऊपर बना हुआ था। इसके अगले छह घंटों में उत्तर दिशा की ओर बढ़ते हुए कमजोर होकर निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई। मौसम केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने बताया कि ओडिशा में बारिश की तीव्रता कम हुई है, हालांकि कुछ जिलों में बारिश जारी रहने का अनुमान है।
इधर, छत्तीसगढ़ में भी चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार ने किसानों को सहायता देने का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को फसल क्षति का सर्वेक्षण कराने और पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने की बात कही। फिलहाल खराब मौसम के कारण प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है। रांची एयरपोर्ट से उड़ानें रद्द होने के कारण यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं।