Odisha ओडिशा। ओडिशा सरकार ने राज्य के दुग्ध किसानों को राहत देते हुए दूध खरीद मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है। राज्य के मंत्री गोकुलानंद मलिक ने बताया कि यह नया मूल्य 11 सितंबर से लागू होगा। इसके बाद किसानों को दूध के लिए 39 रुपये प्रति लीटर की जगह 41 रुपये प्रति लीटर का भुगतान किया जाएगा। मंत्री गोकुलानंद मलिक ने कहा कि राज्य के किसानों ने कई मौकों पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात कर दूध के उचित मूल्य बढ़ाने की मांग की थी। किसानों की समस्याओं और मौजूदा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष, बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं और बढ़ती परिवहन लागत का असर किसानों पर पड़ा है। ऐसे में किसानों को नुकसान से बचाने और दुग्ध उत्पादन को सुचारू रखने के लिए दूध खरीद मूल्य बढ़ाने का फैसला किया गया है। मंत्री ने कहा कि ओडिशा में वर्तमान में करीब 4,616 डेयरी सहकारी समितियां संचालित हो रही हैं, जिनसे 3 लाख से अधिक किसान जुड़े हुए हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उनकी आय में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। दूध उत्पादन से जुड़े किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलने से उन्हें अपने काम को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
7 लाख लीटर दूध की हो रही खरीद
गोकुलानंद मलिक ने बताया कि वर्तमान में राज्य में करीब 7 लाख लीटर दूध की खरीद की जा रही है। दूध खरीद मूल्य में वृद्धि से बड़ी संख्या में किसानों को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल दूध उत्पादन बढ़ाना नहीं है, बल्कि किसानों की आय को भी बढ़ाना है। इसके लिए डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने और सहकारी समितियों की भूमिका बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
किसानों को नुकसान से बचाने की कोशिश
मंत्री ने कहा कि दूध उत्पादन में लागत लगातार बढ़ रही है। पशुओं के चारे, परिवहन और अन्य खर्चों में वृद्धि के कारण किसानों पर आर्थिक दबाव बढ़ा है। ऐसे में दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी से किसानों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर लिया गया यह फैसला किसानों को प्रोत्साहित करेगा और राज्य में डेयरी गतिविधियों को और गति देगा। ओडिशा सरकार लगातार कृषि और पशुपालन क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। दूध खरीद मूल्य में यह बढ़ोतरी इसी दिशा में एक कदम मानी जा रही है।
Tags: