Kullu. कुल्लू। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन विभाग ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे जिले के अछूते पर्यटन स्थलों, नेचर पार्कों और वन्यजीव अभयारण्यों पर आधारित रचनात्मक एवं संदेशात्मक वीडियो तैयार करें। चयनित प्रतिभागियों को विभाग की ओर से 2000 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। वन विभाग के अनुसार ऐसे वीडियो, जिनमें प्राकृतिक सौंदर्य, जैव विविधता, विकासात्मक गतिविधियां या स्वच्छता से जुड़ा सकारात्मक संदेश हो, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। प्रतिभागी अपने वीडियो संबंधित वन अधिकारियों को
भेज सकते हैं।


विभागीय समिति द्वारा चयनित वीडियो को वन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा। युवाओं को पहचान के साथ सम्मान भी मिलेगा। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि लोगों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और वन संपदा के महत्त्व को रचनात्मक माध्यम से समाज तक पहुंचाने में युवाओं की भागीदारी अहम साबित हो सकती है। वन विभाग कुल्लू सर्कल कंजवेटर संदीप शर्मा ने बताया कि बहुत से युवाओं ने वीडियो भी बनाए हंै, जहां पर कुछ ने वन विभाग की ओर से तैयार पार्कों को किस तरह से स्वच्छ रखना है, इसका संदेश दिया है।
Tags: