शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार के उद्योग विभाग ने राज्य के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से एक महत्त्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। सरकार ने प्रदेश में उपलब्ध सभी गुणवत्ता परीक्षण सुविधाओं की यूनिफाइड डायरेक्टरी ऑफ टेस्टिंग फैसिलिटीज अधिसूचित कर दी है। इसका उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों को गुणवत्ता जांच से जुड़ी सेवाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध करवाना और प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देना है। जारी अधिसूचना के अनुसार इस डायरेक्टरी में हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक सीमा के भीतर मौजूद सभी सरकारी और निजी परीक्षण प्रयोगशालाओं को शामिल किया है।
इसमें केंद्र सरकार की एजेंसियों द्वारा संचालित लैब, एनएबीएल मान्यता प्राप्त प्रयोगशालाएं, एमएसएमई टेस्टिंग सेंटर, ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडड्र्स (बीआईएस ), हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, फूड एंड ड्रग प्रशासन तथा अन्य नियामक एवं प्रमाणन संस्थाओं से जुड़ी परीक्षण सुविधाएं भी सम्मिलित हैं। प्रदेश सरकार ने उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश को इस पूरी व्यवस्था के लिए नोडल प्राधिकरण नियुक्त किया है। विभाग डायरेक्टरी का संकलन, रखरखाव, समय-समय पर अपडेट और सत्यापन करेगा। साथ ही एमएसएमई इकाइयों और आम जनता के लिए इसकी जानकारी उपलब्ध करवाने का कार्य भी करेगा।