Bilaspur. बिलासपुर। चिट्टा तस्करों के लिए बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अब पुलिस द्वारा पंजाब राज्य के मोहाली से हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई करने वाले चिट्टा तस्कर भूपेंद्र सिंह निवासी गांव बोगीवाला डाकघर पिंडी तहसील गुरहरसहाय जिला फिरोजपुर को पंजाब राज्य के मोहाली से दबोचा है। पुलिस द्वारा अब हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई करने वाले पंजाब राज्य से संबधित एक और मेन सप्लायर पर भी नजर है। यह सप्लायर भी हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई करता है और मेन सप्लायर माना जाता है। भूपेंद्र और पंजाब राज्य का एक अन्य सप्लायर हिमाचल के मेन सप्लायर माने जाते हैं, लेकिन बिलासपुर पुलिस द्वारा इन तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
बिलासपुर पुलिस द्वारा गत तीन दिन पहले दो आरोपियों पाल सिंह निवासी गांव छालग भुलसवाई तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर व आशीष ठाकुर निवासी गांव जोल पलाखी डाकघर कुठेड़ा तहसील घुमारवीं जिला को गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा इन आरोपियों के कब्जे से 57.3 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था। इस मामले में पुलिस द्वारा चिट्टे के मेन सप्लायर की तलाश की जा रही थी। आरोपियों से की गई पूछताछ के दौरान एक सप्लायर का नाम सामने आया था। जिसके चलते पुलिस द्वारा पंजाब राज्य में दबिश दी गर्ई। अब पुलिस द्वारा हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई करने वाले मेन सप्लायर को धर दबोचा है। अब एक और मेन सप्लायर पर पुलिस की नजर है। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पुलिस द्वारा पंजाब राज्य के मोहाली से हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करने वाले मेन सप्लायर को दबोचा है।