नग्गर। नग्गर के माहिली में नगर पुल के समीप सोमवार रात लगभग 12:30 बजे के करीब अचानक भडक़ी आग में कबाड़ का एक बहुत बड़ा गोदाम जलकर राख हो गया। अग्निकांड की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया गया। घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों, प्रभावितों और प्रशासन से बातचीत कर नुकसान व आग लगने के कारणों की जानकारी ली गई। राहत की बात यह रही कि देर रात हुई अग्निकांड की इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन मालिक का पचास लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
क्षेत्र में कबाड़ का कारोबार करने वाले शौकत अली का पतलीकूहल-नग्गर सडक़ किनारे एक बहुत बड़ा कबाड़ का गोदाम था, जहां कबाड़ को प्रेस करने की मशीनें भी लगाई गई थीं। बीती रात सोमवार को किन्हीं अज्ञात कारणों से यहां रखे कबाड़ के सामान ने अचानक आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप धारण कर लिया और प्लास्टिक के सामान में बड़ी तेजी से फैल गई। इस भीषण अग्निकांड के बाद पतलीकूहल, कटराईं, डोभी सहित लेफ्ट बैंक साइड के एक बड़े क्षेत्र में काले धुएं की गहरी परत फैल गई। अग्निशमन विभाग पतलीकूहल के प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि दमकल कर्मचारी 19 घंटों से मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस और स्थानीय प्रशासन द्वारा हादसे के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
Tags: