भिंड में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, पेट्रोल पंप संचालक से ₹27,500 की रिश्वत लेते नापतौल इंस्पेक्टर रंगे हाथ गिरफ्तार

Update: 2026-06-01 12:44 GMT

MP. मध्य प्रदेश |  मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सोमवार को लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नापतौल विभाग के एक निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी निरीक्षक सौरभ शर्मा, जो गणेशपुरा मुरैना का निवासी है और वर्तमान में भिंड में पदस्थ था, को पेट्रोल पंप संचालक से 27,500 रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया।

लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की। शिकायत में बताया गया था कि निरीक्षक ने पेट्रोल पंप की जांच के दौरान ईंधन नोजल की स्पीड कम कर दी थी, जिससे पेट्रोल-डीजल वितरण प्रभावित हो रहा था और संचालक को आर्थिक नुकसान हो रहा था।

फरियादी तेजनारायण लोधी, जो ग्वालियर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के संचालक हैं, ने आरोप लगाया कि निरीक्षक ने नोजल की स्पीड सामान्य करने के बदले पहले 60,000 रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा 50,000 रुपये में तय हुआ। आरोप है कि निरीक्षक ने पहले ही 22,500 रुपये ले लिए थे और शेष राशि सोमवार को देने के लिए कहा गया था।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे निरीक्षक ने फरियादी को प्राइवेट बस स्टैंड के सामने स्थित नापतौल कार्यालय बुलाया। जैसे ही निरीक्षक ने 27,500 रुपये की राशि ली, टीम ने मौके पर छापा मारकर उसे पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान जब आरोपी के हाथ धुलवाए गए तो केमिकल की वजह से हाथों का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने मौके से दस्तावेज जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी।

लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

डीएसपी विनोद सिंह कुशवाह ने बताया कि शिकायत का सत्यापन करने के बाद पूरी योजना के तहत ट्रैप कार्रवाई की गई और आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया।

फरियादी ने बताया कि जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा था और नोजल की स्पीड जानबूझकर कम कर दी गई थी, जिससे कामकाज प्रभावित हुआ। इसी वजह से मजबूरी में शिकायत लोकायुक्त को दी गई।

Tags:    

Similar News