Hamirpur. हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश का कांगड़ा जिला अब गिद्धों के संरक्षण के लिए सुरक्षित क्षेत्र के रूप में अपनी पहचान बनाने की ओर अग्रसर है। वन्य प्राणी विभाग कांगड़ा को गिद्धों के लिए सुरक्षित जोन घोषित करने की तैयारी कर रहा है। जिले में गिद्धों के 615 से अधिक घोंसले मिलना इस दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। खास बात यह है कि नेपाल के शुक्लाफांटा नेशनल पार्क से करीब 600 किलोमीटर का सफर तय कर एक दुर्लभ व्हाइट रम्प्ड वल्चर (सफेद पीठ वाला गिद्ध) पौंग बांध वन्यजीव अभयारण्य पहुंचा है। इस गिद्ध की पहचान उसके शरीर पर लगाए गए सैटेलाइट ट्रांसमीटर के माध्यम से हुई है।

जानकारी के अनुसार नेपाल में गिद्धों के संरक्षण के लिए कई सुरक्षित जोन विकसित किए गए हैं। शुक्लाफांटा नेशनल पार्क में इस गिद्ध को सैटेलाइट ट्रांसमीटर लगाया गया था, जिसके बाद इसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। सैटेलाइट से मिली लोकेशन के आधार पर इसके कांगड़ा पहुंचने का पता चला। पक्षी विशेषज्ञ डॉ. माल्याश्री भट्टाचार्य ने इस दुर्लभ गिद्ध को पौंग बांध वन्यजीव अभयारण्य में उसके घोंसले पर देखा। हिमाचल में इस प्रजाति की मौजूदगी को संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि प्रदेश में यह प्रजाति लगभग विलुप्त होने की स्थिति में पहुंच गई थी।
Tags: