Shimla. शिमला। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले ही दिन स्थगित सवाल सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव का कारण बन सकते हैं। दरअसल कुछ विधायकों के सवाल पिछले कई सत्रों से स्थगित चल रहे हैं, क्योंकि सरकार ने इन पर सूचना एकत्रित की जा रही है का रिप्लाई दिया था। इस बार 16 नवंबर सोमवार को मौखिक उत्तर के लिए अब ये स्थगित सवाल लगाए गए हैं। हालांकि सोमवार को पहले दिन सत्र दोपहर बाद दो बजे शुरू होगा और सबसे पहले वर्तमान विधानसभा के सीटिंग मेंबर रहे रामपुर के विधायक नंदलाल का निधन होने के बाद शोक प्रस्ताव भी आएगा। इसके बाद यदि प्रश्नकाल का समय बचा, तो स्थगित सवालों की बारी आएगी। इनमें शाहपुर के कांग्रेस विधायक केवल सिंह पठानिया ने राज्य सरकार से आवास आबंटन समिति की बैठकों और उसमें लिए गए फैसलों की
जानकारी मांगी है।


भाजपा विधायक को सुधीर शर्मा और विपिन सिंह परमार ने राज्य चयन आयोग की सीबीटी परीक्षाओं से संबंधित एमओयू की जानकारी मांगी है। जोगिंद्रनगर से भाजपा विधायक प्रकाश राणा का मंत्री, विधायकों और अधिकारियों के वेतन, भत्तों पर खर्च संबंधी सवाल भी अभी लंबित है। भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने सरकारी अस्पतालों की दवाइयों की खरीद को लेकर सवाल पूछा था, जिसका अभी जवाब नहीं आया है। जसवां परागपुर से भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह ने जापान इंटरनेशनल कॉरपोरेशन एजेंसी और विश्व बैंक जैसे प्रोजेक्टों की जानकारी मांगी थी। जवाब अभी नहीं आया है। सुंदरनगर से भाजपा विधायक राकेश जमवाल ने सरकारी संस्थान बंद करने और भरमौर से डॉक्टर जनक राज ने पिछले तीन सालों में विभिन्न विभागों बोर्ड निगमों में पटवारी, पंचायत सचिव, क्लर्क और कम्प्यूटर ऑपरेटर के रिक्त पदों की जानकारी मांगी हुई है। यदि लंबित सवालों के रिप्लाई के बाद भी समय रहा तो फिर पहले दिन के सवाल लगेंगे।
Tags: