Noorpur. नूरपुर। सीआईए टीम नूरपुर ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए थाना डमटाल क्षेत्र से 154 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। सीआईए टीम नूरपुर क्षेत्र के कंडवाल, लोधवा, भदरोया एवं डमटाल में गश्त एवं नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दो युवक मोटरसाइकिल पर चिट्टा/हेरोइन लेकर हिलटॉप दुर्गा माता मंदिर, डमटाल के पास किसी व्यक्ति को बेचने की फिराक में खड़े है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में मौके पर दबिश दी तथा मोटरसाइकिल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट के नीचे
छिपाकर रखा गया।


154 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। इस मामले में आरोपी पारस निवासी गीता भवन, मोहल्ला इस्लामाबाद, जिला गुरदासपुर, पंजाब तथा विजय कुमार निवासी गांव वाहमणी, डाकघर बहरामपुर, जिला गुरदासपुर, पंजाब के खिलाफ धारा 21,25,29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। एसपी नूरपुर ने बताया कि पुलिस द्वारा बरामद मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चैन तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान के लिए गहन जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि नूरपुर पुलिस समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आम जनता से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार की नशे से जुड़ी जानकारी हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें। आपकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।
Tags: