Noida नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS)-2026 के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट और आसपास के क्षेत्रों में 3 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की सात कंपनियों को तैनात किया गया। आयोजन स्थल से लेकर वीआईपी मूवमेंट वाले मार्गों तक कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई।
ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा के अनुसार पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में सुरक्षा प्लान तैयार किया गया। पहली परत के रूप में आउटर कॉर्डन बनाया गया, जिसके तहत कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों, रिंग रोड, अंडरपास, वेंडिंग जोन और मेट्रो स्टेशन पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। ऊंची इमारतों पर रूफटॉप निगरानी के साथ मॉल और ओवरब्रिज जैसे स्थानों पर भी नजर रखी गई।
इनर कॉर्डन के तहत ट्रेड शो के प्रवेश द्वार, गैलरी और हॉल को सुरक्षा घेरे में रखा गया। अमित शाह और योगी आदित्यनाथ के आवागमन वाले मार्गों पर विशेष पुलिस ड्यूटी लगाई गई। परिसर में प्रवेश और वीआईपी मूवमेंट की लगातार निगरानी की गई। आइसोलेशन कॉर्डन के तहत हेलीपैड और मुख्य कार्यक्रम स्थल को अलग सुरक्षा घेरे में रखा गया। इसके अलावा बॉर्डर चेकिंग, रूट ड्यूटी, एंटी-ड्रोन निगरानी और ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुरक्षा योजना में शामिल किया गया। किसी संभावित प्रदर्शन या अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए एंटी-डेमो टीमें तैनात की गईं। परी चौक, सूरजपुर, महामाया फ्लाईओवर और सेक्टर-14 समेत चिन्हित स्थानों पर इन टीमों की ड्यूटी लगाई गई।
आपात परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सेफ हाउस और सेफ हॉस्पिटल की व्यवस्था भी की गई। पुलिस के मुताबिक सुरक्षा का दायरा केवल आयोजन स्थल तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख रास्तों को भी इसमें शामिल किया गया। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के दौरान सुरक्षा के साथ यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।