भारतीय विकास दर को लेकर IMF के अनुमान में बढ़ोतरी, आगामी वित्त वर्ष में देश की विकास दर नौ फीसदी बढने की संभावना

निवेश और मांग में बढ़ोतरी से हो रही आर्थिक रिकवरी का असर आगामी वित्त वर्ष में स्पष्ट दिखने वाला है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) ने आगामी वित्त वर्ष 2022-23 के लिए भारत की विकास दर को लेकर अपने पूर्व अनुमान में बदलाव करते हुए उसे बढ़ा दिया है।

Update: 2022-01-26 17:28 GMT

नई दिल्ली: निवेश और मांग में बढ़ोतरी से हो रही आर्थिक रिकवरी का असर आगामी वित्त वर्ष में स्पष्ट दिखने वाला है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) ने आगामी वित्त वर्ष 2022-23 के लिए भारत की विकास दर को लेकर अपने पूर्व अनुमान में बदलाव करते हुए उसे बढ़ा दिया है। पिछले साल अक्टूबर में संस्थान ने आगामी वित्त वर्ष में भारत की विकास दर 8.5 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था जिसे ताजा अनुमान में नौ प्रतिशत कर दिया है। वित्त वर्ष 2022-23 के लिए आइएमएफ का अनुमान विश्व बैंक और आरबीआइ के अनुमान से अधिक है।

विश्व बैंक ने वर्ष 2022-23 की अवधि में भारत की विकास दर 7.8 प्रतिशत तो आरबीआइ ने 8.7 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। आइएमएफ ने वर्ष 2022 के लिए जापान को छोड़ दुनिया के सभी विकसित देशों व चीन की विकास दर के अनुमान को पहले के मुकाबले कम कर दिया है। आइएमएफ ने वित्त वर्ष 2023-24 में भी भारत की विकास दर के अपने पूर्व अनुमान को बदलते हुए उसे बढ़ा दिया है। ताजा अनुमान के मुताबिक वित्त वर्ष 2023-24 में भारत की विकास दर 7.1 प्रतिशत रहेगी जबकि गत अक्टूबर में संस्थान ने इस अवधि में भारत की विकास दर 6.6 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था।
हालांकि आइएमएफ ने चालू वित्त वर्ष 2021-22 में भारत की विकास दर नौ प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है जो बीते अक्टूबर के अनुमान से 50 आधार अंक कम है। कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन की वजह से आर्थिक गतिविधियों के प्रभावित होने से इस अनुमान में गिरावट की गई है। आइएमएफ के ताजा अनुमान के मुताबिक वर्ष 2021 में चीन की विकास दर 8.1 प्रतिशत और वर्ष 2022 में घटकर 4.8 प्रतिशत रह जाएगी। अमेरिका की विकास दर वर्ष 2021 में 5.6 प्रतिशत तो वर्ष 2022 में चार प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है। आइएमएफ के अनुसार वर्ष 2021 में वैश्विक विकास दर 5.9 प्रतिशत रहने का अनुमान है जो वर्ष 2022 में घटकर 4.4 प्रतिशत रह जाएगी।


Tags:    

Similar News