बरोटीवाला में पेश आई वारदात, पुलिस ने दबोचा आरोपी

Update: 2026-07-23 09:46 GMT
बद्दी। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के तहत बिरला लेबर गेट के समीप मंगलवार देर रात एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला कुछ ही घंटों में हत्या के केस में बदल गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद महिला पर किसी भारी और ठोस वस्तु से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति ने अपने परिचित को फोन कर पत्नी के किराए के कमरे में वापस नहीं लौटने की बात कही और उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कुछ ही देर बाद महिला कमरे के समीप ही मृत अवस्था में मिली। मृतका के शरीर पर मिले चोटों के निशान, शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए घरेलू हिंसा के आरोप तथा घटनास्थल से एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बरोटीवाला पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता देवी के रूप में हुई है, जो अपने पति सुरेंद्र बेदिया के साथ बिरला लेबर गेट के समीप किराए के कमरे में रहती थी। दोनों मूल रूप से झारखंड के रामगढ़ जिला के निवासी थे और बद्दी क्षेत्र के निजी उद्योगों में कार्यरत थे। झारखंड निवासी सुरजीत कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंगलवार रात करीब 12 बजे सुरेंद्र बेदिया ने उसे फोन कर कहा कि उसकी पत्नी शाम करीब साढ़े आठ बजे कमरे से निकली थी और अभी तक वापस नहीं लौटी है। इसके बाद दोनों उसकी तलाश के लिए निकल पड़े। कुछ देर बाद जब दोनों कमरे के आसपास पहुंचे तो एक दुकान के बाहर सुनीता देवी जमीन पर पीठ के बल मृत अवस्था में पड़ी मिली। सुरजीत कुमार ने तत्काल 108 एंबुलेंस और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि सुरेंद्र अकसर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था।
Tags:    

Similar News