घवांडल में शातिरों ने महिला को लगाई करारी चपत

Update: 2026-02-27 10:18 GMT
Shri Nainadeviji. श्रीनयनादेवीजी। बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर नयनादेवी के घवांडल गांव की एक महिला के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नौकरी के लिए दस्तावेज तैयार करने की बात कहकर आरोपी ने महिला से कुल 4.56 लाख रुपए ऐंठ लिए, लेकिन न तो उसके बेटे को नौकरी मिल पाई और न ही उसे पैसे वापस मिल पाए। अब तो आरोपी ने फोन कॉल रिसीव करना भी बंद कर दिया है। महिला की शिकायत पर कोट थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। घवांडल निवासी नीता के अनुसार फरवरी 2024 में उसकी बात शिमला के चौपाल निवासी एक व्यक्ति से हुई। राकेश नामक उक्त व्यक्ति ने खुद को पीडब्ल्यूडी में इंजीनियर बताते हुए उसके बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसने कहा कि बेटे को नौकरी दिलाने के लिए कई दस्तावेज तैयार करने पड़ेंगे। इसके लिए
पैसा खर्च होगा।


बेटे के सुनहरे भविष्य की उम्मीद में वह उसके झांसे में आ गई। उसके कहने पर उसने कुल 4.56 लाख रुपए उसे दे दिए। आरोपी किश्तों में दी गई यह राशि अपने और रिश्तेदारों के खाते में जमा करवाता रहा। लंबा अरसा बीत जाने के बावजूद बेटे को नौकरी नहीं मिलने पर उसका माथा ठनका। उसने आरोपी से बात की, लेकिन उसने पैसे भी नहीं लौटाए। अब तो वह उसकी फोन कॉल भी रिसीव नहीं कर रहा है। एसपी संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कोट थाना में मामला दर्ज करके पुलिस इसकी गहन जांच कर रही है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि एक महिला से ठगी का मामला कोट थाना में मामला दर्ज हुआ है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। लंबा अरसा बीत जाने के बावजूद बेटे को नौकरी नहीं मिलने पर महिला ने आरोपी से बात की, लेकिन उसने पैसे भी नहीं लौटाए, जिस पर महिला ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
Tags:    

Similar News