Nahan. नाहन। हिमाचल पथ परिवहन निगम नाहन डिपो के चालक-परिचालक यूनियन ने समय पर वेतन न मिलने के चलते शनिवार को गेट मीटिंग के तहत धरना प्रदर्शन किया। चालक यूनियन के राज्य कार्यकारिणी के उप-प्रधान धर्मेंद्र शर्मा की अगवाई में नाहन डिपो के चालक-परिचालकों ने वर्कशॉप के गेट पर एकत्रित होकर नारेबाजी की। इस दौरान निगम प्रबंधन और प्रदेश सरकार से मांग की गई कि एचआरटीसी चालक-परिचालकों को महीने की पहली तारीख को वेतन जारी किया जाए।
यूनियन ने चेताया कि यदि जून माह में पहली तारीख को सैलरी कर्मचारियों को नहीं मिली तो अगले दिन से चक्का जाम होगा। यूनियन पदाधिकारी धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि अप्रैल की सैलरी मई माह की 13 तारीख तक निगम कर्मियों को मिली, जबकि इसी तरह का स्पैल कई माह से चला आ रहा है। यूनियन का कहना है कि कर्मी रात-दिन एक कर निगम में सेवाएं दे रहे हैं, मगर कमाउ निगम के कर्मचारियों को सैलरी के नाम पर तारीखें मिल रही हैं।