पति ने पत्नी को जिन्दा जलाया, हालत नाजुक- देखे Video
रविवार शाम घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर गांव में रविवार शाम घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। स्थानीय निवासी और ट्रक चालक प्रदीप ने शराब पीने से मना करने पर अपनी पत्नी रुक्मिणी देवी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। घटना के समय रुक्मिणी देवी के घर पर उनके तीन छोटे बच्चे भी मौजूद थे। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिवारजन और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को एंबुलेंस के जरिए पहले सीएचसी अजीतमल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। वर्तमान में उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।.
रुक्मिणी देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रविवार को जब उनका पति घर आया तो शराब पीने लगा। उन्होंने इसका विरोध किया, जिससे पति गाली-गलौज पर उतर आया। विवाद बढ़ने पर उसने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पड़ोसियों और परिवार के प्रयास से महिला को बचाया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) श्रृष्टि सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी पति प्रदीप के खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई थीं। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 12 घंटे के भीतर प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और घटना के कारणों तथा अन्य संभावित अपराधियों की तलाश की जा रही है।
इस घटना ने स्थानीय समुदाय में चिंता और सदमे का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस और प्रशासन ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने का आह्वान किया है।