HP: तलाश के लिए बढ़ाई लोगों की संख्या, सर्च आपरेशन जारी

Update: 2024-08-11 11:23 GMT
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून के दौरान हुए हादसों में अब तक 46 लोग लापता हैं। समेज हादसे को हुए 10 दिन हो चले हैं, मगर अभी भी वहां बादल फटने से हुई दुर्घटना के लापता लोगों की तलाश जारी है। इन लापता लोगों की तलाश के लिए अब सर्च आपरेशन में लगे लोगों की संख्या को और बढ़ा दिया गया है, ताकि जल्द से जल्द लापता लोग मिल सकें। इस बीच प्रदेश में बारिश का दौर जारी है और नुकसान लगातार हो रहा है। राज्य में अब तक मानसून सीजन के दौरान विभिन्न दुर्घटनाओं में कुल 185 लोगों की मौत हो चुकी है। 325 लोग दुर्घटनाओं में घायल हुए हैं। लापता लोगों की बात करें, तो कुल्लू जिला में विभिन्न दुर्घटनाओं में 12 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि लाहुल-स्पीति में भी
एक व्यक्ति लापता है।

वहीं मंडी में एक व्यक्ति अभी भी लापता है। यहां पर भी बादल फटने की घटना घटी थी। शिमला में समेज में जो हादसा हुआ है, वहां से अभी 32 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश पूरे सतलुज बेसिन में चल रही है। यहां पर अब तक जितने लापता लोगों के मृत शरीर मिले हैं, उनमें अधिकांश सुन्नी के दोगरी एरिया में मिले हैं, जहां पर अभी भी तलाश जोरों पर चल रही है। शनिवार को कोई भी लापता व्यक्ति नहीं मिल पाया है। इस बरसात की वजह से 55 पक्के मकान ढह चुके हैं, जबकि 48 कच्चे मकान ढह गए हैं। 53 पक्के मकानों को आंशिक नुकसान हुआ है, जबकि 167 कच्चे मकानों को भी आंशिक नुकसान उठाना पड़ा है। 26 दुकानें बरसात की वजह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। वहीं राज्य में कृषि क्षेत्र को 132.64 लाख रुपए का नुकसान हुआ है, जबकि बागबानी को 139 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
Tags:    

Similar News

-->