ऑनर किलिंग मामला: भाइयों ने कर दी बहन की बेरहमी से हत्या

जांच में जुटी पुलिस

Update: 2023-06-24 17:27 GMT
धौलपुर। मध्य प्रदेश से सटे राजस्थान के धौलपुर जिले में बहन की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बसई डांग थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की उसके भाइयों ने हत्या कर दी। पुलिस ने निभी के ताल से महिला का शव बरामद किया है। महिला के पैर बंधे होने के कारण पुलिस को हत्या की आशंका है। सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक महिला के देवर ने महिला की पहचान अनिता के रूप में की है। 22 जून को महिला को उसके भाई साथ आगरा से लेकर आए थे, लेकिन संदिग्ध परिस्थिति में शुक्रवार (23 जून) को महिला का शव पानी में तैरता हुआ मिला था। मृतका के देवर ने भाई के सालों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस ऑनर किलिंग के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि महिला की पहचान अनीता (35) पत्नी धर्मवीर प्रजापत निवासी आगरा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि महिला का पीहर मधु नगर आगरा और ससुराल गणेश नगर दयाल बाग आगरा में है। मृतक महिला अनीता के देवर लखन कुमार ने महिला की शिनाख्त करते हुए थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला अनीता का पति मानसिक रूप से बीमार था। जिसके चलते महिला अपने पति को लेकर आगरा में ही किराए के मकान में रहती थी। बताते हैं, जहां उसके दूसरे किराएदार से संबंध हो गए थे। पीहर पक्ष को इन संबंधों की जानकारी मिलने के बाद 22 जून को महिला के भाई लोकेश, राजू और विकास महिला को ससुराल से अपने साथ पीहर ले जाने की बात कह कर ले गए और उसके बाद उसका शव पुलिस ने बरामद किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला के देवर ने अपने भाई के तीनों सालों पर भाभी की हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। थाने में मामला दर्ज होने के बाद शनिवार, 24 जून को महिला का पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। महिला की हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपियों ने महिला अनीता की हत्या कर डेड बॉडी को बसई डांग थाना इलाके में स्थिति निभी के ताल में रस्सी से पैर बांधकर फेंक दिया था। शुक्रवार सुबह महिला की लाश पानी में उतराती हुई मिली थी।
Tags:    

Similar News

-->