Shimla. शिमला। दिवाली पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम दिल्ली, चंडीगढ़ और बद्दी से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 266 अतिरिक्त बसें चलाएगा। निगम की ओर से छह नवंबर को 134 और सात नवंबर को 132 अतिरिक्त बस सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे त्योहार पर घर लौटने वाले लोगों को राहत मिलेगी और बसों में भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। एचआरटीसी के अनुसार, छह नवंबर को दिल्ली से प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए 42, चंडीगढ़ से 69 और बद्दी से 23 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। सात नवंबर को दिल्ली से 49, चंडीगढ़ से 63 और बद्दी से 20 अतिरिक्त बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। निगम ने दिवाली के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह व्यवस्था की है, ताकि लोग समय पर अपने घरों तक पहुंच सकें।
दिवाली के दिन आठ नवंबर को शाम पांच बजे से नौ नवंबर सुबह आठ बजे तक एचआरटीसी की सभी स्थानीय बस सेवाएं बंद रहेंगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आठ नवंबर की शाम को लंबी दूरी के प्रमुख मार्गों पर बसें चलाई जाएंगी। इनमें दिल्ली से शिमला, धर्मशाला, कुल्लू, मंडी और चंबा सहित प्रदेश के अन्य महत्त्वपूर्ण स्थानों के लिए आने-जाने वाली बस सेवाएं शामिल होंगी। निगम इन प्रमुख मार्गों पर एक-एक बस सेवा उपलब्ध करवाएगा। एचआरटीसी ने दिवाली पर घर जाने की योजना बना रहे यात्रियों से बस सेवाओं के समय को ध्यान में रखकर यात्रा की तैयारी करने की अपील की है।