कुल्लू। जिला कुल्लू के सैंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत शाखा डाकघर बजाहरा में तैनात रहे एक ग्रामीण डाक सेवक के खिलाफ ग्रामीणों की सावधि जमा (एफडी) की राशि का गबन करने और कूटरचित पासबुकें तैयार करने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता प्रवर अधीक्षक डाकघर मंडी मंडल मंडी ने 21 जुलाई को सैंज थाना में शिकायत दर्ज करवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि जीडीएस शाखा डाकपाल ने वर्ष 2024 के दौरान ग्रामीणों से कुल 2.25000 की एफडी करवाई। शिकायत के अनुसार उन्होंने ने संबंधित खाताधारकों की पासबुकों के प्रथम एवं द्वितीय पृष्ठ फाड़ दिए तथा उनमें स्वयं हस्तलिखित प्रविष्टियां कर दीं।
आरोप है कि एफडी के नाम पर प्राप्त राशि को सरकारी खातों में जमा करवाने के बजाय उसने अपने निजी उपयोग में ले लिया और बाद में कूटरचित पासबुकें तैयार कर उपभोक्ताओं को सौंप दीं, जिससे ग्रामीणों को धोखे में रखा गया। शिकायत के आधार पर सैंज थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच के दौरान संबंधित दस्तावेजों, एफडी खातों, पासबुकों तथा वित्तीय लेनदेन की जांच की जाएगी। मामले की पुष्टि एसपी कुल्लू मदन लाल ने की है।