SDRF का कुनबा बढ़ाएगी सरकार

Update: 2024-09-03 10:21 GMT
Shimla. शिमला। राज्य सरकार भविष्य में एसडीआरएफ का कुनबा बढ़ाएगी। इसमें गृहरक्षकों की भर्ती की जाएगी और उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। ताकि आपदा के समय एसडीआरएफ से जल्द से जल्द मदद मिल सके। मौजूदा समय में हिमाचल एसडीआरएफ में 129 ही कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। यह संख्या बहुत कम है। विधानसभा में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने इसका खुलासा किया है। मानसून से नुकसान पर नियम 130 के तहत हुई चर्चा का जवाब देते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि आपदा प्रबंधन में हिमाचल नंबर वन होगा। इसके अलावा आपदा राहत मित्र पंचायत में
भर्ती किए जाएंगे।

इसमें एक गांव में दस वालंटियर तैयार किए जाएंगे। राज्य सरकार पंचायत घर में उपकरण उपलब्ध करवाएगी। इसके अलावा तहसील और जिला स्तर पर आपदा प्रबंधन को सशक्त करेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि चंद्रताल में पर्यटकों को बाहर निकालने में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और सीपीएस संजय अवस्थी सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे थे। इसके अलावा इस बार समेज हादसे में भी राजस्व मंत्री 12 घंटे में घटनास्थल पर पहुंच गए थे। इससे राहत और बचाव कार्य में बड़ी मदद मिली। उन्होंने बताया कि राजस्व मंत्री आपदा के समय सबसे आगे रहते हैं। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा है कि राज्य में प्राकृतिक आपदा ही नहीं है, बल्कि ईडी और सीबीआई की भी आपदा है। विपक्ष के प्रयास के बाद समय और धन भी बर्बाद हुआ है। राज्य सरकार को गिराने में नेता प्रतिपक्ष ने 150 करोड़ रुपए खर्च कर दिए।
Tags:    

Similar News

-->