धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में सूटकेस की राजनीति और चरमराती कानून-व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर सीधा और तीखा हमला बोला है। धर्मशाला पहुंचे जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सवाल दागा है कि आखिर इस सूटकेस का राज क्या है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इधर-उधर की बातें करने के बजाय अपनी ही पार्टी के नेता द्वारा लगाए गए उन गंभीर आरोपों का जवाब देना चाहिए, जिसमें कांगड़ा से सूटकेस इक_ा कर दिल्ली पहुंचाने और खुद रखने की बात
कही गई है।


इसके साथ ही उन्होंने बिलासपुर में दिनदहाड़े एक युवक को कुल्हाड़ी से काटे जाने की घटना को प्रदेश में कानून-व्यवस्था के पूरी तरह से तहस-नहस होने का प्रमाण बताया। दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान में हिस्सा लेने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य सरकार से कई सवाल पूछे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पर कांगड़ा में पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों में अड़ंगा लगा रही है। जयराम ठाकुर ने अपने प्रवास की शुरुआत चामुंडा माता मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की। डाढ चामुंडा में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में उन्होंने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए राष्ट्र प्रथम और जनसेवा का मंत्र दिया। इस दौरान उन्होंने धर्मशाला नगर निगम के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की।
Tags: