Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) एवं संबद्ध सेवाओं के वर्ष-2025 बैच के 27 प्रशिक्षु अधिकारियों ने लोकभवन में राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। अधिकारी डाक्टर मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश लोक प्रशासन संस्थान (हिप्पा), शिमला में छह सप्ताह का फाउंडेशन कोर्स कर रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने पर्वतीय प्रदेश की चुनौतियों, प्राकृतिक आपदाओं और जलवायु परिवर्तन से प्रभावी ढंग से निपटने, आधुनिक तकनीक और ई-गवर्नेंस के अधिकतम उपयोग तथा संविधान और कानून के अनुरूप निर्णय लेने पर बल दिया। राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में प्रशासनिक अधिकारियों की अहम भूमिका होगी। इससे पहले हिप्पा की निदेशक रूपाली ठाकुर ने प्रशिक्षण की जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज और सहायक पाठ्यक्रम निदेशक संदीप शर्मा भी उपस्थित रहे।