Solan. सोलन। सोलन के शामती बाइपास पर पटाखों की एक दुकान में आग लगने से लाखों रुपए का नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा पटाखों सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस दौरान आग की चपेट में आने से एक गाड़ी भी पूरी तरह जल गई। उपमंडल अधिकारी सोलन नीरजा शर्मा के अनुसार, इस अग्निकांड में लगभग चार से पांच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। शामती बाइपास स्थित पटाखों की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
उपमंडल अधिकारी सोलन नीरजा शर्मा ने बताया कि आग लगने से करीब चार से पांच लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। नीरज शर्मा ने बताया कि संबंधित दुकान के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसमें यह भी देखा जा रहा है कि दुकान संचालक के पास पटाखे बेचने का वैध लाइसेंस है या नहीं। प्रशासन की ओर से दुकान से संबंधित सभी आवश्यक कागजात की पड़ताल की जा रही है, ताकि नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा सके। एसडीएम नीरज शर्मा ने दिवाली के मद्देनजर लोगों और पटाखा कारोबारियों से अपील की कि पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थानों पर ही करें और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित बनाएं। पटाखे ज्वलनशील होते हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और नियमों की पालना को लेकर भी जांच की जा रही है।