छात्राओं ने हाथों के हुनर से बटोरी तालियां

Update: 2026-08-02 12:21 GMT
Solan. सोलन। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-ए) सोलन में गुरुवार को निदेशालय तकनीकी शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण, सुंदरनगर के निर्देशानुसार एपरल सेक्टर के अंतर्गत आने वाले व्यवसायों के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा भव्य फैशन शो एवं रैंप वॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक परिधानों का प्रदर्शन कर अपनी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का शानदार परिचय दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान संस्थान परिसर तालियों की गूंज से सराबोर रहा। संस्थान की प्रधानाचार्य इंजीनियर नवीन कुमारी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों द्वारा वर्षभर के दौरान तैयार किए गए परिधानों को एक मंच प्रदान करना था। उन्होंने ड्रेस मेकिंग ट्रेड की अनुदेशिका तेनजिन डोल्मा तथा सभी सहयोगियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मुख्य अतिथि पिडिलाइट इंडस्ट्रीज के सीएसआर प्रोजेक्ट के डिप्टी मैनेजर नवनीत ढिमरी रहे। उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी
उपलब्ध कराते हैं।

उन्होंने आश्वासन दिया कि पिडिलाइट इंडस्ट्रीज भविष्य में भी संस्थान के साथ मिलकर नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेगी और प्रशिक्षणार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उनके साथ प्रशिक्षण पर्यवेक्षक अखिलेश कुमार भी मौजूद रहे। फैशन शो का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक और आधुनिक परिधानों की शानदार प्रस्तुति रही। रैंप पर साड़ी, कफ्तान, भारतीय पारंपरिक परिधान, वेस्टर्न ड्रेस, लहंगा, रेज्ता और लाहौली पारंपरिक परिधानों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। छात्राओं ने आत्मविश्वास और आकर्षक अंदाज में रैंप वॉक कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम सात अलग-अलग राउंड में आयोजित किया गया। साड़ी राउंड में अंजली प्रथम और तान्या द्वितीय, कफ्तान राउंड में अंजली प्रथम तथा लक्ष्मी द्वितीय, भारतीय पारंपरिक परिधान में अंजली प्रथम और तान्या द्वितीय, वेस्टर्न ड्रेस में सोनम प्रथम तथा अंजली द्वितीय, लहंगा राउंड में लक्ष्मी प्रथम और अंजली द्वितीय, रेज्ता राउंड में राखी प्रथम तथा उमंग द्वितीय और लाहौली परिधान राउंड में दुर्गा प्रथम तथा साक्षी द्वितीय स्थान पर रहीं। प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
Tags:    

Similar News