Una. ऊना। नंगल शिवालिक एवेन्यू स्थित अमोल कालिया पार्क में शहीद कैप्टन अमोल कालिया, वीर चक्र (मरणोपरांत) के 52वें जन्मदिवस के अवसर पर एक भावभीना श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, गणमान्य नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर वीर सपूत को नमन किया। हवन यज्ञ के उपरांत ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ समूह द्वारा भजन, आध्यात्मिक गीत एवं देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर पार्षद नंदा, ग्रुप कैप्टन अमन कालिया, मुख्य अध्यापिका सुमन शर्मा, सेवानिवृत्त सीएमओ डा. शिवपाल सिंह, शांति शर्मा, लेखराज शर्मा, रामपाल धीमान, रोशन लाल, कैप्टन विनोद तथा प्रिंसीपल के.एल. धरवाल सहित अनेक विशिष्ट व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। ऊना से आए नेवल विंग का प्रतिनिधित्व राजेंद्र शर्मा ने किया, जबकि हिमाचल पेंशनर्ज संघ की ओर से शांति स्वरूप उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से शहीद के पिता सतपाल कालिया एवं माता उषा कालिया भी मौजूद रहे।