वन संपदा की हिफाजत को जल्द करें तैनाती

Update: 2026-08-05 11:26 GMT
चंबा। वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, वन मंडल चंबा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर वनरक्षक से उप वन क्षेत्रपाल (डिप्टी रेंजर) पद पर पदोन्नत कर्मचारियों की शीघ्र नियुक्ति की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महासंघ के प्रधान विशाल कुमार और महासचिव सुरेश कुमार ने किया।
ज्ञापन में बताया गया कि 25 सितंबर 2025 को वनरक्षक से उप वन क्षेत्रपाल पद पर पदोन्नत कर्मचारियों को लगभग दस माह बीत जाने के बावजूद अभी तक नियुक्ति नहीं मिल सकी है। इसके कारण पदोन्नति मिलने के बावजूद कर्मचारी अब भी वनरक्षक के पद पर कार्य करने को मजबूर हैं। महासंघ ने कहा कि वन विभाग के कई वन खंडों में पद रिक्त पड़े हैं, जिससे वन संरक्षण, प्रशासनिक कार्यों और फील्ड प्रबंधन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पदोन्नत उप वन क्षेत्रपालों की तैनाती के आदेश जल्द जारी किए जाएं, ताकि रिक्त पदों को भरा जा सके और विभागीय कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वन संपदा की सुरक्षा, विभागीय कार्यों की प्रभावशीलता और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नियुक्ति प्रक्रिया में शीघ्र कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उनकी मांग पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Tags:    

Similar News