अल्पसंख्यक वर्गों को मिले शिक्षा और रोजगार

Update: 2025-03-29 12:05 GMT
Chamba. चंबा। उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को अल्पसंख्यक समुदाय के कल्याणार्थ जिला चंबा में कार्यान्वित किए जा रहे प्रधानमंत्री नए 15 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत जिलास्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने अल्पसंख्यक वर्गों से संबंधित लोगों में शिक्षा तथा आर्थिक क्रियाकलापों एवं रोजगार के अवसरों को बढ़ाने, उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उपायुक्त ने जिला में सामाजिक सदभाव को सुनिश्चित बनाने को लेकर सभी एसडीएम को संबंधित पुलिस अधिकारियों के सहयोग से नियमित अंतराल के भीतर पीस कमेटी बैठक का आयोजन करने को कहा। उपायुक्त ने विभिन्न विद्यालयों में उर्दू शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने को लेकर चर्चा के पश्चात अपना विद्यालय योजना के अंतर्गत स्वयंसेवकों की सेवाएं लेने को भी निर्देशित
किया।

उपायुक्त ने बैठक में अल्पसंख्यक समुदाय से संबंधित लोगों को शहरी एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण व कौशल विकास सहित विभिन्न विषयों पर भी विस्तृत समीक्षा कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समिति के गैर सरकारी सदस्यों से भी अल्पसंख्यक वर्गों के सामाजिक व आर्थिक उत्थान के लिए सुझाव देने को भी कहा। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास ने जानकारी दी कि 530 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा छह वर्ष तक के 2502 बच्चों सहित 14 से 18 वर्ष तक आयु वाली 911 किशोरियों को नियमित रूप से पोषाहार प्रदान किया जा रहा है। इस दौरान अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, आरपीडब्ल्यूडी अधिनियम, नेशनल ट्रस्ट अधिनियम से संबंधित मामलों पर पर भी विस्तृत समीक्षा एवं राहत मामलों को स्वीकृति प्रदान की गई।
Tags:    

Similar News