ड्रोन वीडियोग्राफी के बाद ED का खुलासा, अब भी धड़ल्ले से हो रहा अवैध खनन

एक हजार करोड़ से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग का पता लगाया था।

Update: 2023-04-07 08:22 GMT
रांची (आईएएनएस)| झारखंड के साहिबगंज जिले में ईडी द्वारा हाल में ड्रोन से कराई गई वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी से यह खुलासा हुआ है कि वहां के कई पहाड़ी इलाकों में प्रभावशाली लोगों के संरक्षण धड़ल्ले से पत्थरों का अवैध खनन अब भी जारी है। पिछले साल ईडी ने साहिबगंज के कई ठिकानों पर की गई छापामारी और जांच में यहां अवैध खनन के जरिए एक हजार करोड़ से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग का पता लगाया था। इस मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के स्थानीय प्रतिनिधि पंकज मिश्र सहित कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। इस मामले में चार्जशीट भी फाइल की जा चुकी है।
बीते बुधवार और गुरुवार को ईडी ने इस इलाके में एक बार फिर दबिश दी। जिले में कई स्थानों पर ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई। ईडी की टीम ने रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर जितेंद्र दुबे, ड्रिस्ट्रिक्ट माइनिंग ऑफिसर विभूति कुमार, मंडरो अंचल के सीओ नरेश मुंडा, राजमहल के सब रजिस्ट्रार मनोज टुडू, झारखंड स्टेट पॉल्यूशन बोर्ड के रिजनल ऑफिसर कमलकांत पाठक सहित कई अफसरों के साथ मौके का निरीक्षण भी किया।
इसी जांच में खुलासा हुआ है कि साहिबगंज के मंडरो अंचल स्थित सिवरिया मौजा के नीबू पहाड़ स्थित प्लॉट नंबर 69पी, 70पी, 71पी और 73 पी में धड़ल्ले से अवैध खनन चल रहा है। जांच में पाया गया कि अवैध माइनिंग स्थल से सड़क तक भारी वाहनों से पत्थर का अवैध परिवहन भी किया जा रहा है। इस मार्ग पर बड़े वाहनों पोकलेन, अर्थमूवर के पहियों के निशान भी मिले हैं।
अवैध खनन रात में चलता था। पहाड़ के सबसे उंचाई वाले इलाके में अवैध खनन के सबूत मिले हैं। कई जगह ब्लास्ट कर पहाड़ को उड़ाये जाने के भी सबूत मिले हैं। जांच में इसके संकेत मिले हैं कि अवैध खनन जेल में बंद सीएम के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा और विष्णु यादव के संरक्षण में चल रहा था।
इस पूरे मामले को लेकर ईडी ने साहिबगंज के एसपी को पत्र लिखा है। उनसे अवैध खनन को रोकने के लिए कार्रवाई को कहा गया है।
बता दें कि इसके पहले साहिबगंज में ईडी द्वारा 25 जुलाई 2022 से 29 जुलाई 2022 तक अवैध खनन की जांच के लिए सर्वे किया गया था और इसकी रिपोर्ट की जानकारी केंद्र और एनजीटी को भी भेजी गई थी।
Tags:    

Similar News

-->