वॉशिंगटन: अमेरिका ने चेतावनी दी है कि भारतीयों के लिए रोजगार आधारित प्रथम श्रेणी (ईबी-1) ग्रीन कार्ड की उपलब्धता आने वाले कुछ हफ्तों में खत्म हो सकती है। इसकी वजह इस श्रेणी में बहुत अधिक आवेदन और बढ़ती मांग बताई गई है। इस कारण पहले से ही लंबे इंतजार का सामना कर रहे भारतीय आवेदकों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
अमेरिकी विदेश विभाग ने अपने सितंबर वीजा बुलेटिन में कहा कि भारत से जुड़े ईबी-1 आवेदनों की संख्या इतनी अधिक है कि वित्तीय वर्ष 30 सितंबर को खत्म होने से पहले इस श्रेणी के लिए निर्धारित वीजा संख्या पूरी तरह इस्तेमाल हो सकती है।
विदेश विभाग ने कहा, "ईबी-1 श्रेणी में भारत के लिए उपलब्ध वीजा संख्या वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले पूरी हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो आने वाले हफ्तों में इस श्रेणी को अस्थायी रूप से 'अनुपलब्ध' घोषित करना पड़ सकता है।"
साथ ही विभाग ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर उचित बदलाव किए जाएंगे। ईबी-1 रोजगार आधारित पहली प्राथमिकता वाली कैटेगरी है, जिसमें असाधारण क्षमता वाले लोग, बेहतरीन प्रोफेसर और रिसर्चर, और कुछ मल्टीनेशनल एग्जीक्यूटिव और मैनेजर जैसे प्राथमिकता वाले वर्कर शामिल हैं।
यह चेतावनी भारतीयों के लिए खास तौर पर महत्वपूर्ण है, क्योंकि रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड की अन्य प्रमुख श्रेणियों में पहले से ही भारी बैकलॉग है। सितंबर के लिए ईबी-1 इंडिया की फाइनल एक्शन डेट 15 अक्टूबर 2022 निर्धारित की गई है।इसका मतलब है कि सामान्य तौर पर केवल उन्हीं भारतीय आवेदकों के मामलों पर अंतिम कार्रवाई हो सकती है जिनकी प्राथमिकता तिथि 15 अक्टूबर 2022 से पहले की है।
ईबी-2 श्रेणी, जिसमें उच्च डिग्री वाले पेशेवर और विशेष योग्यता वाले लोग शामिल होते हैं। सितंबर वीजा बुलेटिन में 'यू' यानी 'अनुपलब्ध' दिखाई गई है। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार, 'यू' का अर्थ है कि इस अवधि में उस श्रेणी के लिए कोई वीजा जारी नहीं किया जा सकता। ईबी-2 इंडिया अगस्त में भी उपलब्ध नहीं था और सितंबर में भी उपलब्ध नहीं है।
रोजगार आधारित तीसरी प्राथमिकता वाली कैटेगरी में भी बैकलॉग बहुत ज्‍यादा है। सितंबर के लिए ईबी-3 इंडिया की 'फाइनल एक्शन डेट' 1 जनवरी, 2014 है, जिसका मतलब है कि कतार 12 साल से भी ज्‍यादा पुरानी है। तुलना के लिए ईबी-3 कैटेगरी में ज्‍यादातर देशों (जिनका नाम बुलेटिन में अलग से नहीं है) के लिए तारीख 1 सितंबर, 2024 है। मुख्य तौर पर चीन के लिए एक जनवरी, 2022 और फिलीपींस के लिए एक अगस्त 2023 है।
भारत के लिए ईबी-5 इन्वेस्टर कैटेगरी (जो किसी खास ग्रुप के लिए आरक्षित नहीं है) भी सितंबर में 'फाइनल एक्शन' के लिए उपलब्ध नहीं है, हालांकि ग्रामीण प्रोजेक्ट्स, ज्‍यादा बेरोजगारी वाले इलाकों और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आरक्षित ईबी-5 कैटेगरी सभी देशों के लिए 'करंट' (यानी खुली हुई) बनी हुई है।
Tags: