मोबाइल रिचार्ज कराने दुकान पर जाते हैं? तो जरूर पढ़ें ये खबर

जानें पूरा मामला.

Update: 2025-08-21 12:36 GMT
कानपुर: अगर आप भी अपना मोबाइल रिचार्ज कराने दुकान पर जाते हैं, तो सावधान हो जाएं. क्योंकि, कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक दुकानदार ने सालों से रिचार्ज कराने आ रहे एक रिटायर्ड अधिकारी का सिम बदलकर उसके अकाउंट से 42 लाख रुपये उड़ा लिए. फिलहाल, साइबर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. 
आपको बता दें कि कानपुर के बेगमगंज में रहने वाले रिटायर्ड होम्योपैथिक अधिकारी अशफाक अहमद अपनी पेंशन और फंड के 42 लाख रुपये बैंक अकाउंट में सुरक्षित रखे थे. वे अक्सर अपना मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए यतीम खाना चौराहे पर मोहम्मद इस्लाम की दुकान 'इंसा टेलकॉम' पर जाते थे. मोहम्मद इस्लाम ने अशफाक अहमद को बहकाकर उनका पुराना सिम खराब बताकर बदल दिया. इसके बाद उनके नंबर को अपने मोबाइल पर एक्टिवेट कर लिया और ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए उनके खाते से 42 लाख रुपये उड़ा लिए.
अशफाक अहमद को जब पता चला कि उनके अकाउंट से पैसे गायब हो गए हैं, तो उन्होंने 20 अगस्त को साइबर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने जांच की तो पूरा मामला खुल गया. पुलिस ने आरोपी दुकानदार मोहम्मद इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया है.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 20 लाख रुपये अपने दोस्त के अकाउंट में ट्रांसफर किए थे, जिसका अकाउंट भी वही ऑपरेट करता था. बाकी पैसों से उसने शेयर खरीदे और अपने क्रेडिट कार्ड का कर्ज चुकाया. पुलिस ने दोस्त के अकाउंट में पड़े 20 लाख रुपये सील कर दिए हैं.
Tags:    

Similar News