VIP प्रोटोकॉल छोड़ जनता के बीच पहुंचे धामी साधारण कप में पी चाय
न कुर्सी का रौब न दूरी का एहसास जनता के बीच घुले मिले धामी
Dehradun देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में स्थानीय लोगों के साथ चाय पीकर जनसंवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आम लोगों के बीच बैठकर डिस्पोजेबल कप में चाय पी। इस तस्वीर को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि साधारण चाय के कप में भी जाति और भेदभाव तलाशना संकीर्ण राजनीति को दर्शाता है। सीएम धामी ने खटीमा में स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनके साथ सहज अंदाज में बातचीत की। इस दौरान उन्होंने लोगों के साथ चाय पी और क्षेत्र की समस्याओं व विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। भाजपा की ओर से इस कार्यक्रम को आम जनता से जुड़ाव और अपनापन दिखाने वाला बताया गया।
भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी के पुराने बयानों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने आम लोगों के साथ बैठकर चाय पी, जिसमें न कोई भेदभाव था और न ही किसी तरह का जातिगत अंतर दिखाई दिया। भाजपा की ओर से कहा गया कि चाय का स्वाद और लोगों के बीच अपनापन ही इस मुलाकात की पहचान रही। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा छोटी-छोटी बातों में जाति और भेदभाव तलाशना राजनीति को नकारात्मक दिशा में ले जाता है।
भाजपा ने अपने संदेश में कहा कि कप डिस्पोजेबल हो सकता है, लेकिन सोच ऐसी नहीं होनी चाहिए। पार्टी ने इसे सामाजिक समानता और जनता के साथ सीधे जुड़ने का उदाहरण बताया। वहीं, इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस और भाजपा के बीच पहले भी सामाजिक मुद्दों और जातिगत राजनीति को लेकर बयानबाजी होती रही है। अब चाय के कप को लेकर शुरू हुई चर्चा ने नया सियासी रंग ले लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार जनसंपर्क कार्यक्रमों के जरिए लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। भाजपा का दावा है कि इस तरह के कार्यक्रमों से जनता और सरकार के बीच संवाद मजबूत होता है। फिलहाल चाय के कप से शुरू हुई यह राजनीतिक बहस सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।