Rajasthan राजस्थान: अलवर जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बुटोली गांव में पतंग लूटने के दौरान 9 साल का बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया। हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया। बच्चा करीब 50 से 55 फीट की गहराई में फंसा हुआ है। राहत की बात यह है कि बच्चे की आवाज अंदर से सुनाई दे रही है और शुरुआती जानकारी के अनुसार वह सुरक्षित बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बुटोली गांव निवासी भानु पुत्र शीशराम सोमवार शाम खेत की तरफ कटी हुई पतंग पकड़ने के लिए दौड़ रहा था। इसी दौरान उसका पैर खेत में मौजूद एक पुराने खुले बोरवेल के ऊपर रखे पत्थर पर पड़ गया। पत्थर खिसकने के कारण बच्चा संतुलन खो बैठा और सीधे बोरवेल में जा गिरा।
बताया जा रहा है कि यह बोरवेल काफी पुराना है और लंबे समय से बंद पड़ा था। बोरवेल की कुल गहराई करीब 400 फीट बताई जा रही है, जबकि बच्चा लगभग 50 से 55 फीट नीचे फंसा हुआ है। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बच्चे को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। बोरवेल के अंदर से बच्चे की आवाज आने के बाद परिजनों और ग्रामीणों को राहत मिली। हालांकि, सभी की चिंता बच्चे को जल्द और सुरक्षित बाहर निकालने की है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बच्चे के रेस्क्यू के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद से बोरवेल के आसपास खुदाई का काम शुरू किया गया है। प्रशासन की ओर से एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी बुलाया गया है। रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। मौके पर एसडीएम मनीषा रेशम, तहसीलदार मनीष कुमार शर्मा, डीएसपी नरेंद्र कुमार और थाना प्रभारी राजेश कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद हैं। पुलिस ने घटनास्थल पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्था संभाल रखी है।
हादसे के बाद खुले बोरवेल को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बोरवेल लंबे समय से बंद था और उसके ऊपर केवल पत्थर रखा हुआ था, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं, बच्चे के बोरवेल में गिरने की खबर के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरा गांव भानु के सुरक्षित बाहर निकलने की दुआ कर रहा है।
Tags: