Raipur. रायपुर। राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सभी चार विधि से संघर्षरत बालकों को चंद घंटों के भीतर पकड़ लिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इनमें से तीन को बिलासपुर और एक को रायपुर से पकड़ा गया। आरोपियों की तलाश में रायपुर पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से भी समन्वय किया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह पुरानी रंजिश और आपसी विवाद सामने आया है। पकड़े गए बालकों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
अश्वनी नगर में गंभीर हालत में मिला युवक
घटना 30 अगस्त 2026 की रात करीब 11:15 बजे की है। थाना पुरानी बस्ती पुलिस को सूचना मिली कि अश्वनी नगर क्षेत्र में एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल युवक की पहचान अहमद रजा उर्फ बाबू के रूप में हुई। पुलिस ने युवक को तत्काल उपचार के लिए AIIMS रायपुर पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मामले में धारा 103, 191(2) और 191(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विशेष टीम गठित कर शुरू की पतासाजी
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन में थाना पुरानी बस्ती और ACCU की विशेष टीम गठित की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और अन्य माध्यमों के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना में शामिल कुछ आरोपी रायपुर से बाहर निकलकर बिलासपुर की ओर गए हैं और ट्रेन के जरिए भागने का प्रयास कर रहे हैं।
RPF के साथ समन्वय कर बिलासपुर में दबिश
आरोपियों के ट्रेन से भागने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल RPF से संपर्क किया। प्राप्त जानकारी के आधार पर बिलासपुर में घेराबंदी और दबिश की कार्रवाई की गई। पुलिस की तत्परता से तीन विधि से संघर्षरत बालकों को बिलासपुर से पकड़ा गया। वहीं रायपुर में अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश देकर एक अन्य विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। इस तरह पुलिस ने हत्या की घटना के कुछ ही घंटों के भीतर घटना में शामिल बताए जा रहे चारों विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ और अब तक की विवेचना में घटना के पीछे पुराना विवाद और आपसी रंजिश सामने आई है। पुलिस पकड़े गए बालकों से घटना के कारणों और वारदात में उनकी भूमिका के संबंध में पूछताछ कर रही है। घटना में प्रयुक्त वस्तुओं तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की भी पतासाजी की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एक बालक पहले भी लूट के मामले में रह चुका है निरुद्ध
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए चार विधि से संघर्षरत बालकों में से एक पूर्व में लूट के एक अन्य मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध रह चुका है। वह कुछ दिन पहले ही वहां से बाहर आया था। प्रारंभिक जांच में उसके इस हत्या की घटना में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना में प्रत्येक बालक की क्या भूमिका रही। रायपुर पुलिस का कहना है कि प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: