नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है. प्रोटेम स्पीकर चुने गए अरविंद सिंह लवली विधायकों को शपथ दिला रहे हैं. सबसे पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा की सदस्य के रूप में शपथ ली है.
दिल्ली विधानसभा के पहले दिन बीजेपी विधायक वीरेंद्र सचदेवा ने कहा,'यह हमारे लिए एक शुरुआत है. मैं उन्हें (AAP नेता और विपक्ष की नेता आतिशी) बधाई देता हूं. मुझे उम्मीद है कि वे पहले के विपरीत सकारात्मक एजेंडे के साथ काम करेंगे.'
दिल्ली सरकार में मंत्री मंजिंदर सिंह सिरसा ने कहा,'समय वास्तव में सबसे शक्तिशाली होता है. जिस दिन मुझे अपमानित किया गया और विधानसभा से बाहर निकाला गया, उस दिन इसकी साजिश रचने वाले - स्पीकर राम निवास गोयल, अरविद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया अहंकार में चूर और सत्ता के नशे में चूर खड़े थे. उन्हें लगता था कि उनका प्रभुत्व स्थायी है. आज, उनमें से कोई भी यहां नहीं है. न्याय का अपना एक चक्र होता है.'