कानपुर: कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में बड़ी संख्या में लोग डंपिंग साइट के पास फेंकी गईं चॉकलेट और टॉफियां इकट्ठा करते नजर आ रहे हैं. कोई इन्हें हाथों में उठा रहा है तो कोई बैग, बोरे और डिब्बों में भरकर ले जाता दिखाई दे रहा है. घटना का वीडियो सामने आने के बाद एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों के निपटारे और लोगों की सेहत को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
बताया जा रहा है कि एक फैक्ट्री मालिक ने कथित तौर पर एक्सपायर्ड और बिक्री के लिए अनुपयुक्त हो चुकी चॉकलेट और टॉफियों को पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में डंपिंग साइट के पास फेंक दिया था. जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, वहां भीड़ जुट गई. देखते ही देखते लोग बड़ी मात्रा में चॉकलेट और टॉफियां बटोरने लगे.
वायरल वीडियो में कुछ लोग इन खाद्य पदार्थों को अपने साथ ले जाते हुए नजर आ रहे हैं. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इन्हें खाने के लिए ले जाया गया था या किसी अन्य इस्तेमाल के लिए. एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के सेवन से स्वास्थ्य संबंधी खतरा हो सकता है, खासकर तब जब उसके रखरखाव और खराब होने की स्थिति की जानकारी न हो.
इस घटना ने खाद्य पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं. एक्सपर्ट्स के मुताबिक एक्सपायर्ड या बिक्री के लिए अनुपयुक्त खाद्य सामग्री को खुले में फेंकने के बजाय निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया जाना चाहिए, ताकि कोई व्यक्ति उसे उठाकर इस्तेमाल न कर सके.
फिलहाल वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. संबंधित अधिकारियों की ओर से भी इस मामले में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि खाद्य विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है या नहीं. वीडियो की सत्यता और घटना की पूरी जानकारी सामने आने के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी.
Tags: