विदेश मंत्री एस जयशंकर के ऑपरेशन सिंदूर पर दिए बयान के बाद कांग्रेस ने सरकार पर पाकिस्तान को पहले से सूचित करने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का दावा है कि इस जानकारी से आतंकियों को भागने का मौका मिला। भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर पाकिस्तान की भाषा बोलने का आरोप लगाया है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई से पहले पाकिस्तान को कथित तौर पर सूचित करने के विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयान पर विदेश मंत्रालय के स्पष्टीकरण के बाद भी कांग्रेस ने उनकी घेरेबंदी छोड़ी नहीं है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने विदेश मंत्री की ओर से चुप्पी बरते जाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को एक्स पर पोस्ट में कहा-हमले की शुरुआत में पाकिस्तान को सूचित करना एक अपराध था।
विदेश मंत्री ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि भारत सरकार ने ऐसा किया। इसे किसने अधिकृत किया? इसके परिणामस्वरूप हमारी वायु सेना ने कितने विमान खो दिए?