कांग्रेस प्रत्याशी आंनद शर्मा ने चंबा में जुटाया समर्थन

Update: 2024-05-18 10:25 GMT
चंबा। कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने कहा कि आज देश को आगे ले जाने वालों का अपमान किया जा रहा है। जो राष्ट्र निर्माताओं और शहीदों का अपमान करता है देश उसे माफ नहीं करेगा। उन्होंने भाजपा व पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि 2014 से पहले की सरकारों ने जो काम किया है उससे बड़ा काम करके दिखाओ। बच्चा भी जब बार-बार फेल होता है तो उसके सब्जैक्ट बदल दिए जाते हैं। मगर मौजूदा केंद्र सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए झूठ बोल रही है और धर्म व संप्रदाय के नाम पर देश को बांटने का प्रयास कर रही है। वह शुक्रवार को साहो, करियां व भनौता में नुक्कड़ जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने अंग्रेजी की एक कहावत का हिंदी में अनुवाद करते हुए कहा कि कुछ लोगों को सारे समय नहीं ठग सकते, सब लोगों को कुछ समय तक ठग सकते हैं, सारे लोगों को सारे समय के लिए नहीं ठग सकते। उन्होंने कहा कि सत्तारुढ़ सरकार सोच रही है कि इस देश के लोगों को कुछ नहीं पता लगेगा, वादा करो और भूल जाओ फिर अगली बार आओ और नया वादा करो। कांग्रेस प्रत्याशी ने जिला चंबा को लेकर अपनी योजनाओं का खुलासा करते हुए कहा कि चंबा पिछड़ा इलाका है। इस इलाके की अपनी खूबियां और संभावनाएं हैं। यहां बहुत काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वे यहां की प्राथमिकताओं पर कागज जारी करेंगे। साथ ही वादा किया कि अगर वे सांसद बने और केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार आई तो चंबा में एक उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थान खोला जाएगा, मल्टी-स्पेशेलिटी अस्पताल बनाया जाएगा, एडवेंचर टूरिज्म विकसित किया जाएगा, आवागमन आसान करने के लिए चार सुरंगों के निर्माण के साथ ही पठानकोट हवाई अड्डा फिर से सिविल उड़ानों के लिए खोला जाएगा। इस अवसर पर सदर विधायक नीरज नैयर के अलावा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Tags:    

Similar News