शिमला। हिमाचल में नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रचार में ताकत झोंकने के बाद मुख्यमंत्री अब रायबरेली पहुंच गए हैं। यहां मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के पक्ष में शिवगढ़ और सीवान में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा जनमत को चुराने का प्रयास करती है और कई राज्यों में ऐसा कर चुकी है। अब उन्होंने हिमाचल में भी सत्तासीन सरकार को गिराने का प्रयास किया है, लेकिन हिमाचल में मिशन लोटस कामयाब नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि रायबरेली सीट से गांधी परिवार प्रतिनिधित्व कर रहा है।
उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने जो प्यार गांधी परिवार को अब तक दिया है, उसे आगे भी बरकरार रखेंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और इसमें कांग्रेस सबसे बड़े संगठन के रूप में बनकर उभरेगी। मुख्यमंत्री दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली में हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को भी रायबरेली में अलग-अलग जगहों पर प्रचार करेंगे। गुरुवार दोपहर बाद सीएम हिमाचल वापस लौट आएंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ ही रायबरेली में बतौर स्टार प्रचार उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री भी पहुंचे थे। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री ने राहुल गांधी के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित किया है। उपमुख्यमंत्री रायबरेली से वापस लौट आए हैं, जबकि मुख्यमंत्री गुरुवार को वापस लौट सकते हैं।